898 898 8787

प्रेगनेंसी के लक्षण कितने दिन में दीखते हैं?

Pregnancy

प्रेगनेंसी के लक्षण कितने दिन में दीखते हैं?

author

Medically Reviewed By
Dr. Mayanka Lodha Seth

Written By Anjali Dubey
on Jul 7, 2025

Last Edit Made By Anjali Dubey
on Jul 7, 2025

share
https://myhealth-redcliffelabs.redcliffelabs.com/media/blogcard-images/None/2f739ec1-4c96-4a0d-9ead-3b626436f21f.webp
share

हर महिला के लिए माँ बनना ज़िंदगी का सबसे खास पल होता है। पहली बार माँ बनने पर यह अनुभव और भी नया, खास और कभी-कभी मन में कई तरह की आशंकाएं भी पैदा कर सकता है। क्योंकि सब कुछ पहली बार हो रहा होता है, इसलिए मन में सवाल उठना आम बात है, क्या मैं प्रेग्नेंट हूँ? कैसे पता चलेगा?

जिन महिलाओं को पहले से अनुभव होता है, वे शुरुआती लक्षणों से ही पहचान लेती हैं। लेकिन पहली बार माँ बनने वाली महिलाओं को ये समझना थोड़ा मुश्किल हो सकता है।

इसलिए यह जानना जरूरी है कि गर्भावस्था के शुरुआती लक्षण क्या होते हैं और ये कितने दिनों में दिखने लगते हैं।

गर्भधारण कैसे होता है?

गर्भधारण तब होता है जब पुरुष का शुक्राणु (sperm) महिला के अंडाणु (egg) से मिलकर निषेचन (fertilization) करता है। यह मिलन आमतौर पर ओव्यूलेशन (ovulation) के आसपास यानी मासिक धर्म चक्र के 12वें से 16वें दिन के बीच होता है।

निषेचित अंडाणु गर्भाशय (uterus) की दीवार पर चिपक जाता है और वहीं से प्रेगनेंसी की प्रक्रिया शुरू होती है। इस प्रक्रिया में हार्मोनल बदलाव होने लगते हैं, जिनके कारण शरीर में कुछ लक्षण दिखने शुरू हो जाते हैं।

कितने दिन में प्रेगनेंसी के लक्षण दिखते हैं?

यह सवाल हर महिला के लिए अलग हो सकता है क्योंकि हर शरीर अलग होता है। फिर भी सामान्य तौर पर:

  • गर्भधारण के 6 से 14 दिन के भीतर कुछ शुरुआती लक्षण दिख सकते हैं।
  • कुछ महिलाओं को पीरियड मिस होने से पहले ही संकेत मिल जाते हैं।
  • जबकि कुछ को पीरियड रुकने के एक-दो हफ्ते बाद लक्षण महसूस होते हैं।

इसका मतलब यह हुआ कि गर्भधारण के एक हफ्ते के बाद से लेकर तीसरे हफ्ते तक, किसी भी समय लक्षण महसूस हो सकते हैं।

कैसे पहचानें शुरुआती प्रेगनेंसी के लक्षण?

अब जानते हैं कि प्रेगनेंसी के शुरुआती लक्षण क्या होते हैं। अगर आप इनमें से कुछ लक्षण महसूस कर रही हैं, तो यह गर्भावस्था का संकेत हो सकता है।

पीरियड मिस होना

यह सबसे पहला और आम लक्षण है। अगर आपका मासिक धर्म समय पर नहीं हुआ है, और आपने असुरक्षित संबंध बनाए थे, तो यह प्रेगनेंसी का इशारा हो सकता है।

हल्का स्पॉटिंग या इम्प्लांटेशन ब्लीडिंग

गर्भधारण के 6 से 12 दिन बाद हल्की गुलाबी या भूरे रंग की ब्लीडिंग हो सकती है। यह तब होता है जब भ्रूण गर्भाशय में चिपकता है। इसे अक्सर पीरियड समझ लिया जाता है।

सीने में भारीपन और दर्द

गर्भधारण के कुछ ही दिनों बाद स्तनों में भारीपन, दर्द या सूजन महसूस हो सकती है। निपल्स भी संवेदनशील हो सकते हैं।

थकान और नींद

गर्भावस्था के हार्मोन जैसे प्रोजेस्टेरोन बढ़ने के कारण आप सामान्य से ज़्यादा थकान महसूस कर सकती हैं। हर समय नींद आना एक आम लक्षण है।

मिचली या उल्टी (मॉर्निंग सिकनेस)

यह आमतौर पर गर्भधारण के 2 से 8 हफ्ते बाद शुरू होती है, लेकिन कुछ महिलाओं को पहले भी हो सकती है। मितली या उलटी से बचने के लिए एक बार में ज्यादा खाने की बजाय दिनभर में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में खाना खाएं।

बार-बार पेशाब आना

गर्भधारण के एक-दो हफ्तों बाद ब्लड फ्लो और हॉर्मोनल बदलावों की वजह से आपको बार बार पेशाब जाने की जरूरत महसूस हो सकती है|

बदले-बदले स्वाद और गंध के अनुभव

आपको सामान्य गंध भी परेशान कर सकती है या अचानक किसी चीज का स्वाद बदल सकता है।

मूड स्विंग्स

हार्मोनल बदलावों के कारण मूड जल्दी-जल्दी बदल सकता है। कभी खुशी, कभी गुस्सा, कभी निराशा— यह सब सामान्य है।

कब करें प्रेगनेंसी टेस्ट?

  • अगर आपने असुरक्षित यौन संबंध बनाए हैं और पीरियड नहीं आया है, तो पीरियड मिस होने के पहले दिन से ही आप टेस्ट कर सकती हैं।
  • लेकिन ज़्यादा सटीक परिणाम के लिए पीरियड मिस होने के 7 दिन बाद प्रेगनेंसी टेस्ट करना बेहतर होता है।

आप घर पर उपलब्ध यूरिन प्रेगनेंसी टेस्ट किट से जांच कर सकती हैं। सुबह का पहला मूत्र टेस्ट के लिए सबसे सटीक माना जाता है।

क्या हर महिला को एक जैसे लक्षण होते हैं?

नहीं। हर महिला के शरीर की बनावट और हार्मोनल प्रतिक्रिया अलग होती है। कुछ महिलाओं को बहुत जल्दी लक्षण दिखने लगते हैं, जबकि कुछ को एक महीने तक कोई फर्क महसूस नहीं होता। कुछ मामलों में, महिलाएं सिर्फ पीरियड मिस होने के बाद ही जान पाती हैं कि वे गर्भवती हैं।

क्या बिना लक्षण के भी प्रेगनेंसी संभव है?

जी हाँ, ऐसा संभव है। कुछ महिलाओं में प्रेगनेंसी के शुरुआती लक्षण बिल्कुल न के बराबर होते हैं, फिर भी वे गर्भवती होती हैं। इसलिए केवल लक्षणों के आधार पर यह तय करना सही नहीं होगा कि आप प्रेग्नेंट हैं या नहीं। सही पुष्टि के लिए प्रेगनेंसी टेस्ट करना जरूरी है।

आइए जानते हैं कब टेस्ट करना चाहिए:

  1. पीरियड मिस होने के 1 हफ्ते बाद-
    ये सबसे सही समय माना जाता है, क्योंकि तब तक शरीर में hCG हार्मोन का स्तर इतना बढ़ चुका होता है कि टेस्ट में आसानी से पकड़ में आ जाए।

  2. पीरियड डेट के आसपास भी कर सकते हैं-
    अगर आप जल्दबाजी में टेस्ट करती हैं तो रिपोर्ट नेगेटिव आ सकती है, भले ही आप प्रेग्नेंट हों। इसलिए अगर पहली रिपोर्ट नेगेटिव आए और पीरियड न आएं, तो 3-4 दिन बाद दोबारा टेस्ट करें।

  3. सुबह का पहला यूरिन इस्तेमाल करें-
    सुबह का यूरिन सबसे अधिक concentrated होता है, जिससे hCG हार्मोन का स्तर आसानी से डिटेक्ट किया जा सकता है।

अगर टेस्ट पॉजिटिव आए, तो किसी डॉक्टर से मिलें ताकि आगे की जांच और देखभाल शुरू हो सके और अगर टेस्ट नेगेटिव है लेकिन पीरियड अब भी नहीं आए हैं, तो भी डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर होगा।

किन लक्षणों को गंभीरता से लेना चाहिए?

अगर इस तरह के लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें:

  • बहुत अधिक पेट दर्द
  • ज्यादा ब्लीडिंग
  • चक्कर या बेहोशी
  • बुखार के साथ प्रेगनेंसी के लक्षण

इसके अलावा यदि आपको पहले से कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या है, गर्भावस्था के शुरुआती लक्षणों के साथ कुछ असामान्य लक्षण महसूस हो रहे हैं या पहले गर्भपात हो चुका है, तो डॉक्टर से अपनी जांच जल्दी करा सकते हैं।

निष्कर्ष

प्रेगनेंसी के लक्षण कितने दिन में दिखते हैं, इसका कोई एक तय समय नहीं है। आमतौर पर 6 से 14 दिन के भीतर कुछ संकेत महसूस होने लगते हैं, लेकिन यह हर महिला के लिए अलग हो सकता है। अगर आपको शक है कि आप गर्भवती हो सकती हैं, तो लक्षणों को नजरअंदाज न करें और सही समय पर टेस्ट करें।

सही समय पर जानकारी और डॉक्टर की सलाह से आप एक सुरक्षित और स्वस्थ प्रेगनेंसी की शुरुआत कर सकती हैं।

Leave a comment

Consult Now

Share MyHealth Blog